Bihar political news: नवल किशोर यादव का विपक्ष पर जोरदार हमला, राबड़ी देवी पर कसा तंज-“अपराधियों पर सरकार का सख्त ऑपरेशन जारी”
Bihar political news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार जारी है। सदन के अंदर बहस और बाहर प्रदर्शन का दौर चल रहा है। विपक्ष महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है। गुरुवार को भी विपक्षी नेताओं ने सदन परिसर के बाहर प्रदर्शन कर राज्य में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए।
इसी बीच जदयू एमएलसी नवल किशोर यादव ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हाल में हुई आपराधिक घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण जरूर हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई चल रही है। उनके मुताबिक, विशेष अभियान के जरिए अपराध पर नियंत्रण का काम जारी है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
नवल किशोर यादव ने कहा कि सरकार की नीति साफ है कानून तोड़ने वालों को हर हाल में पकड़कर सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि वे कहीं भी छिप जाएं, पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा राज्य ही नहीं बल्कि देश में भी कानून-व्यवस्था खराब होने के बयान पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है और वे अपनी समझ के अनुसार बोल रही हैं।
साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि आज विधान परिषद में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछे जाएंगे। उनका कहना है कि शिक्षा से जुड़े मामलों में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है और इस पर सदन में जवाबदेही तय होगी।







