Newshaat_Logo

Bihar Politics: ‘चादर जितनी हो…’ JDU का कुशवाहा पर तंज, नीतीश की विरासत को लेकर छिड़ी जंग

Bihar Politics: नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. उपेंद्र कुशवाहा के दावे पर JDU ने पलटवार करते हुए ‘चादर जितनी हो, पैर उतने ही फैलाने चाहिए’ वाला तंज कसा. JDU के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है.
 
bihar

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के हालिया बयान पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने तीखा पलटवार किया है। JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐसा तंज कसा, जिसे उपेंद्र कुशवाहा के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।

उपेंद्र पर उमेश कुशवाहा का हमला, बोले- जो जदयू को कमजोर करने की डील में  जुटे; वो पार्टी बचाने की बात कर रहे - Umesh Kushwahas attack on Upendra  Kushwaha said who

उमेश सिंह कुशवाहा ने लिखा, “चादर जितनी हो, पाँव उतने ही फैलाने चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि कुछ अतिमहत्वाकांक्षी लोगों की आदत होती है कि वे खाली बैठे-बैठे ख्याली पुलाव पकाते रहें और कभी पूरे न होने वाले दिवास्वप्न देखते रहें।

नीतीश कुमार की विरासत पर उपेंद्र कुशवाहा का दावा

दरअसल, उपेंद्र कुशवाहा ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार के बिहार की राजनीति से एक तरह से फुर्सत लेने के बाद लोग उनकी विरासत को आगे बढ़ाने को लेकर चिंतित हैं।

उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया था कि कई लोग नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का दावा करेंगे और राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी इसके लिए अपना दावा पेश करता है। उन्होंने कहा कि यह कितना सफल होगा, यह नहीं कहा जा सकता, लेकिन बिहार में एक बड़ा वर्ग चाहता है कि रालोमो इस जिम्मेदारी को संभाले।

उन्होंने यह भी कहा था कि दूसरे लोग भी इस विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे और इसमें कोई बुराई नहीं है।

JDU का पलटवार- पहले अपने कुनबे की चिंता करें

उपेंद्र कुशवाहा के बयान के बाद JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि कुछ अतिमहत्वाकांक्षी लोग कभी पूरे न होने वाले दिवास्वप्न देखते रहते हैं।

उन्होंने ऐसे लोगों को सलाह देते हुए कहा कि “JDU की चिंता छोड़कर पहले अपने कुनबे की चिंता करें।” उमेश सिंह कुशवाहा ने आगे रालोमो पर तंज कसते हुए कहा कि उसका कुनबा “पंचर वाहन” की तरह समय-समय पर अपना संतुलन खोता रहता है।

हालांकि, उमेश सिंह कुशवाहा ने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे उपेंद्र कुशवाहा के बयान का सीधा जवाब माना जा रहा है।

बिहार में तेज हुई विरासत की सियासत

नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर इस बयानबाजी ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। एक तरफ उपेंद्र कुशवाहा रालोमो के जरिए नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की इच्छा जता रहे हैं, वहीं JDU ने उनके दावे पर तीखा हमला बोला है।

अब देखना होगा कि उपेंद्र कुशवाहा JDU के इस पलटवार पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और आने वाले दिनों में नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर बिहार की सियासत किस दिशा में आगे बढ़ती है।