Movie prime

Bihar Vidhansabha Winter Session 2025: 1 दिसंबर से शुरू होगा सत्र, पहली बार पूरी तरह पेपरलेस मोड में चलेगी कार्यवाही

 
Bihar Vidhansabha Winter Session 2025: 1 दिसंबर से शुरू होगा सत्र, पहली बार पूरी तरह पेपरलेस मोड में चलेगी कार्यवाही

Patna Desk: 18वीं बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलेगा। इस बार सत्र कई मायनों में खास होने वाला है, क्योंकि पहली बार पूरा सदन पेपरलेस मोड में काम करेगा। नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NEVA) के तहत विधानसभा परिसर में विधायकों की सीटों पर डिजिटल टैब इंस्टॉल कर दिए गए हैं, जिनसे सवाल, पूरक प्रश्न और अन्य संसदीय कार्यवाही संचालित होगी।

पेपरलेस व्यवस्था तैयार, टैब इंस्टॉलेशन पूरा

शुक्रवार को बिहार विधानसभा परिसर में टैब लगाने का कार्य लगभग पूरा हो गया। विधानपरिषद में यह व्यवस्था पहले से लागू है। अब 18वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक इस आधुनिक और डिजिटल प्रणाली का लाभ लेने वाले पहले सदस्य होंगे।

सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश

सत्र को लेकर विधानसभा भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधानपरिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि:
    •    सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे
    •    सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें
    •    ट्रैफिक, चिकित्सा, सफाई और पार्किंग में किसी प्रकार की कमी न हो
    •    विधायक आवासों में बिजली, पानी और साफ-सफाई की स्थिति दुरुस्त रहनी चाहिए

संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए विधायकों को पहले सत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में उपस्थित रहे कई शीर्ष अधिकारी

बैठक में गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह, पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा, नगर आयुक्त यशपाल मीणा और विधान परिषद सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सत्र का पूरा कार्यक्रम

1 दिसंबर: नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण
2 दिसंबर: विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन
3 दिसंबर: सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक और राज्यपाल का अभिभाषण
4 दिसंबर: अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और सरकार का जवाब
5 दिसंबर: द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा व विनियोग विधेयक

अन्य राज्यों में भी पेपरलेस सदन की व्यवस्था

उत्तर प्रदेश विधानसभा में वर्ष 2022 से पेपरलेस प्रणाली लागू है। बिहार भी अब उसी कतार में शामिल हो गया है, जहां सदन की कार्यवाही पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस माध्यम से संचालित होती है। इससे विधानसभा की कार्यवाही अधिक पारदर्शी, आधुनिक और पर्यावरण हितैषी बनने की उम्मीद है।