सम्राट चौधरी बोले- दिल्ली की तरह बिहार भी जीतेंगे, मांझी ने लिखा-दिल्ली झांकी है-बिहार बाकी है

दिल्ली विधानसभा चुनाव के अबतक के नतीजे और रुझान में बीजेपी को बहुमत मिलता दिख रहा है। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में बीजेपी की वापसी हो रही है। इस जीत से बिहार बीजेपी और एनडीए के नेता उत्साहित हैं। दिल्ली चुनाव के बाद बिहार चुनाव में भी NDA का परचम लहराने की बात कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि 'दिल्ली की तरह बिहार भी जीतेंगे। आज का नतीजा केवल पूर्वांचल ही नहीं बल्कि दिल्ली में रहने वाले हर व्यक्ति का मोदी पर जताया भरोसा है।'
वहीं तेजस्वी यादव को लेकर कहा कि, 'वो पहले बेटे हैं जिन्हें अपने पिता पर गर्व नहीं है। आप एक राजनीतिक शख्सियत के बेटे हो, लेकिन उनकी बात तक नहीं करते।'

वहीं हम पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'दिल्ली तो झांकी है, बिहार अभी बाकी है। जय NDA....'
दिल्ली चुनाव परिणाम पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि 'करोड़ों लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी के विश्वास पर मुहर लगाई है। केजरीवाल ने झूठ का चादर फैलाया था, जिसे जनता ने देख लिया। ये लोग जनता के पैसों को लूटने वाले है। गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया। पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त थे।'
दिल्ली में बीजेपी की जीत को लेकर केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के सीनियर लीडर ललन सिंह ने कहा कि, 'नतीजों के बारे में पहले से पता था। अरविंद केजरीवाल 11 सालों से जनता को मूर्ख बना रहे थे। विकास कार्य ठप पड़ा हुआ था। जनता ने अपना फैसला दिया है।'