Movie prime

बिहार के मानसून सत्र की शुरुआत, 45 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश

 


सोमवार को बिहार विधान मंडल के मानसून सत्र की विधिवत शुरुआत हो गई। पांच दिवसीय सत्र विधानसभा स्पीकर नंदकिशोर यादव के संबोधन के साथ शुरू हुआ। स्पीकर ने सबसे पहले रुपौली के नए विधायक शंकर सिंह को शपथ दिलाई और सभी विधायकों को मानसून सत्र  में भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया। विधानसभा के चालू सत्र में कुल पांच बैठक होंगे।  22 जुलाई से 26 जुलाई तक यह सत्र चलेगा।   पहले से तय प्रोग्राम के मुताबिक विधानसभा में  वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये  45,512 करोड़ का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया। डिप्टी सीएम सह राज्य के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बजट पेश किया। विधानसभा और विधान परिषद में 25 और 26 जुलाई को बहस होगी। 

 

स्पीकर नंदकिशोर यादव ने अमरेंद्र सिंह, दामोदर रावत, विजय शंकर दुबे, भूदेव चौधरी और ज्योति देवी को अधिशासी सदस्य मनोनीत किया।  इसी के साथ स्पीकर में कार्य मंत्रणा समिति का भी गठन किया और इसकी जानकारी विस्तार के साथ सदन को स्पीकर की और से दी गई। उन्होंने लोकसभा चुनाव के बाद सांसद बने विधायकों के इस्तीफा के बारे में भी जानकारी दी।  पहले दिन कुल 12 विधेयक पटल पर रखे गए।  इसके साथ साथ पहले दिन विधानसभा और विधान परिषद के वर्तमान एवं पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। स्पीकर के आदेश पर सदन की का्र्यवाही  को मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

सदन के पहले दिन विधानसभा पहुंचे सीएम नीतीश कुमार और स्पीकर नंद किशोर यादव का स्वागत किया गया। विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए समय से पहले पहुंच गए।  इसी दौरान विपक्षी सदस्यों ने विधानसभा के परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने राज्य में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और पुल के गिरने के मुद्दे को जोर-जोर से उठाया है। लगता है कि आने वाले दिनों में सदन के अंदर भी ये मुद्दे गर्म रहने वाले हैं।  राज्य में लगभग 30 दिनों में एक दर्जन से ज्यादा पुल ध्वस्त हो गए। विपक्षी दलों का कहना है कि हिंसा, चरम अपराध, बलात्कार और पुल का ध्वस्त होना, यही है एनडीए सरकार की पहचान। बैनर लेकर पहुंचे नेताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार का विकास नदियों में बह गया।