Newshaat_Logo

विजयादशमी पर भी गरमाई बिहार की सियासत, JDU ने लालू को बनाया ‘रावण’, कांग्रेस बोली—राक्षसी है नीतीश सरकार

 
विजयादशमी पर भी गरमाई बिहार की सियासत, JDU ने लालू को बनाया ‘रावण’, कांग्रेस बोली—राक्षसी है नीतीश सरकार

Bihar political news: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जंग हर दिन नया मोड़ ले रही है। विजयादशमी के मौके पर भी राजनीति का पारा चढ़ा रहा। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने सोशल मीडिया पर एक विवादित AI वीडियो जारी कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।

JDU का विवादित वीडियो

JDU के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को दस सिर वाले “रावण” के रूप में दिखाया गया है। वीडियो में लालू के सिरों पर अपराध, लूट, भ्रष्टाचार, रंगदारी, हत्या, अपहरण और बलात्कार जैसे आरोप लिखे गए हैं। इसमें आगे दिखाया गया है कि बिहार की जनता इस “रावण” का वध कर रही है।

वीडियो के साथ JDU ने लिखा- “इस विजयादशमी पर बिहार की जनता बुराई का समूल नाश करेगी। बुराई हमेशा हारी है, इस बार भी हारेगी। जीत बिहार की होगी, जीत जनता की होगी।”

JDU का बचाव

वीडियो पर उठे विवाद के बीच JDU नेता नीरज कुमार ने अपने बयान में कहा कि यह प्रतीकात्मक प्रस्तुति है। उन्होंने लालू के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा, “वह दौर गुंडों, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का दौर था। 2025 का चुनाव उस राजनीति के अंत का चुनाव होगा।”

कांग्रेस का पलटवार

हालांकि, विपक्षी दलों ने इस वीडियो को लेकर JDU पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने नीतीश कुमार की सरकार को ही “राक्षसी सरकार” बताया। उन्होंने कहा- “जिस सरकार में 6 हत्याओं का आरोपी उपमुख्यमंत्री हो और नकली दवाइयों से लोगों की जान लेने वाले मंत्री हों, वह खुद राक्षसी है।” उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार वोट से “20 साल की रावणी सत्ता” का अंत करेगी।

चुनावी सरगर्मी तेज

विजयादशमी जैसे पर्व पर भी नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप से साफ है कि अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की सियासत और अधिक तीखी होने वाली है। सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो को लेकर जनता और राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है।