गृह विभाग मिला बीजेपी को — अब सम्राट चौधरी की असली परीक्षा, बिहार से ‘गुंडाराज’ खत्म करने की चुनौती
Bihar political news: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद गृह विभाग बीजेपी को मिलने पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने रविवार को इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब राज्य में कानून–व्यवस्था सुधारने की बड़ी ज़िम्मेदारी सीधे सम्राट चौधरी के कंधों पर आ गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि “गृह विभाग बीजेपी के पास जाने के बाद जनता बिना डर के जीवन जी सकेगी और अपराध पर नकेल कसी जाएगी।”
“कानून व्यवस्था मजबूत करने का सही फैसला”
अखिलेश सिंह ने कहा कि गृह विभाग का नेतृत्व बीजेपी को मिलना राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय ने जनता में उम्मीद जगाई है कि अपराध और अराजकता पर अब प्रभावी नियंत्रण होगा।
JDU–BJP रिश्तों पर तंज : “दबाव में रहना ही पड़ेगा”
सांसद अखिलेश सिंह ने जेडीयू और बीजेपी के रिश्तों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। जब उनसे पूछा गया कि क्या BJP का दबाव जेडीयू पर हावी रहेगा, तो उन्होंने स्पष्ट कहा- “बीजेपी के दबाव में रहना ही पड़ेगा। बीजेपी बड़ी पार्टी है, केंद्र में भी उनकी सरकार है, इसलिए दबाव तो रहेगा ही।”
उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा का विषय बन गया है।
बिहार में ‘योगी मॉडल’ पर कांग्रेस का जवाब : “यहां नहीं चलेगा”
बिहार में यूपी जैसी कानून व्यवस्था लागू किए जाने की चर्चाओं पर भी अखिलेश सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “बिहार और उत्तर प्रदेश की परिस्थितियाँ बिल्कुल अलग हैं। बिहार में योगी मॉडल लागू करना आसान नहीं है, क्योंकि दोनों राज्यों की सामाजिक और राजनीतिक संरचना भिन्न है।”
सांसद के अनुसार, बिहार की जमीनी हकीकत यूपी से काफी अलग है, इसलिए किसी भी मॉडल की सफलता स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करती है।







