बांकीपुर उपचुनाव पर भाजपा का पलटवार, अजय आलोक बोले- ‘प्रशांत किशोर नहीं, प्रखर कुटिल’; RJD से साठगांठ का लगाया आरोप
Bihar political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद बिहार की सियासत और गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता ने एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताया है और चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में आएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. आलोक ने प्रशांत किशोर पर व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों स्तरों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “प्रशांत किशोर नहीं, बल्कि प्रखर कुटिल” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर एक भी सीधा हमला नहीं किया, जिससे दोनों के बीच अंदरूनी समझौते की आशंका मजबूत होती है।
एग्जिट पोल की टाइमिंग पर उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद जारी हुए एग्जिट पोल और सर्वेक्षणों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मतदान शाम 6 बजे समाप्त हुआ और महज दो मिनट बाद सर्वे के नतीजे सामने आने लगे, जबकि किसी भी दल को वास्तविक बूथ फीडबैक जुटाने में कई घंटे लगते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे सर्वे मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश हैं।
विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
डॉ. अजय आलोक ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और माले ने मिलकर जन सुराज उम्मीदवार को फायदा पहुंचाने की रणनीति बनाई। उन्होंने दावा किया कि मतदान के दौरान कई बूथों पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई और भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए प्रलोभन भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी हार का अंदेशा पहले से था, इसलिए मतदान से एक दिन पहले ही अनावश्यक विवाद खड़ा करने और प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। उनका आरोप था कि चुनाव परिणाम आने के बाद भी विपक्ष अपनी हार का ठीकरा चुनावी व्यवस्था पर फोड़ने का प्रयास करेगा।
जनता से की अपील, पीके को दी चुनौती
भाजपा प्रवक्ता ने बांकीपुर के मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बिहार ने लंबे समय बाद विकास की राह पकड़ी है और जनता को भ्रम फैलाने वाली राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ परिवारों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के अंत में डॉ. अजय आलोक ने प्रशांत किशोर को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है तो वे भविष्य में करगहर से चुनाव लड़कर देखें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां की जनता उन्हें चंदा देकर चुनाव लड़ाने को तैयार मिलेगी।
भाजपा की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। अब सभी की नजर 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जब यह साफ हो जाएगा कि जनता ने किसके दावों पर मुहर लगाई है







