भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर शहीद स्मारक पहुंचे भाजपा नेता, अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
Gaya: भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर रविवार, 9 अगस्त को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कोतवाली स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा और राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों के त्याग, साहस और बलिदान को नमन किया।

इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भुई राम, जगन्नाथ मिश्रा और कैलाश राम के स्मारक, धामी टोला स्थित कैलाश जी के स्मारक तथा गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के प्रति कृतज्ञता जताते हुए उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने याद किया ‘करो या मरो’ का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि 9 अगस्त 1942 भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का ऐतिहासिक दिन है। इसी दिन महात्मा गांधी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ‘करो या मरो’ का आह्वान किया था। उनके मुताबिक इस आह्वान ने देशभर में आजादी की भावना को और मजबूत किया तथा बड़ी संख्या में देशवासी स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने जेल की यातनाएं सहीं और अनेक वीरों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को आज भी देशवासी सम्मान के साथ याद करते हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करना चाहिए।
‘आजादी अनगिनत वीरों के संघर्ष का परिणाम’
भाजपा नेता राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि देश की आजादी किसी एक व्यक्ति या वर्ग के प्रयास का परिणाम नहीं थी, बल्कि यह अनगिनत वीरों के संघर्ष, बलिदान और तपस्या से हासिल हुई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए सजग रहे तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अमर शहीद अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के त्याग और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राणा रणजीत सिंह, विजय प्रसाद उर्फ काला नाग, संतोष ठाकुर, अजय नारायण सिंह उर्फ मुन्ना जी, हीरा यादव, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, महेश यादव और रामविलास उर्फ गुड्डू साव समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







