भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा आज से, भव्य स्वागत की तैयारी-बापू सभागार में सम्मान समारोह
माना जा रहा है कि अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन विधानसभा की कार्यवाही में भी शामिल हो सकते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं, इसलिए उनके इस दौरे को संगठन और राज्य राजनीति दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बापू सभागार में होगा बड़ा कार्यक्रम
नितिन नवीन के स्वागत में पटना के बापू सभागार में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के अलग-अलग जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। समारोह में संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक के रास्ते को पोस्टर, बैनर और स्वागत द्वार से सजाया गया है। कई जगहों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं, जिससे राजधानी में उत्सव जैसा माहौल दिख रहा है।
तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक अहम बैठक भी की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसनिया ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधा, बैठने की व्यवस्था और आवागमन पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि समारोह के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यह बिहार भाजपा के लिए गर्व का अवसर है कि राज्य का एक युवा नेता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पहुंचा है।
पार्टी की कोशिश है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला बिहार दौरा यादगार बने और संगठन को नई ऊर्जा मिले।







