BJP National Working President: नितिन नवीन–सम्राट चौधरी की गोपनीय मुलाकात, दिल्ली दौरे से पहले सियासी संकेत तेज
Political news: बिहार की सियासत से निकलकर नितिन नवीन ने अब राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा कदम रख दिया है। बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री और बांकीपुर से पांच बार विधायक नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति के साथ ही पार्टी संगठन में नई हलचल देखी जा रही है।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नवीन सोमवार को दिल्ली रवाना होंगे। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली जाने से पहले वे पटना में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद राजधानी के लिए प्रस्थान करेंगे। दिल्ली में उनके स्वागत की व्यापक तैयारी की जा रही है। इस दौरान नितिन नवीन की भाजपा के कई वरिष्ठ और शीर्ष नेताओं से मुलाकात संभावित मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
नितिन नवीन बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत से भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले पहले नेता हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा भी तेज है कि वे मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संभावित उत्तराधिकारी हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्षों में शामिल होंगे।
राजनीतिक सफर की बात करें तो नितिन नवीन ने 2006 में पहली बार बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार पांच चुनावों में इस सीट से जीत हासिल की। वर्ष 2021 में वे पहली बार नीतीश कुमार सरकार में मंत्री बने। वर्तमान में उनके पास पथ निर्माण और नगर विकास जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी है।
उनकी नियुक्ति को लेकर जारी आधिकारिक पत्र में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इस घोषणा के बाद पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। वीरचंद पटेल पथ स्थित कार्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलों की माला और गुलदस्ते देकर नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया। पूरे परिसर में “नितिन नवीन जिंदाबाद” के नारों की गूंज सुनाई देती रही।







