Movie prime

पटना में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का जोरदार स्वागत, एयरपोर्ट से बापू सभागार तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

 
पटना में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का जोरदार स्वागत, एयरपोर्ट से बापू सभागार तक दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह
Bihar political news: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया और पूरे माहौल को उत्सव जैसा बना दिया।

एयरपोर्ट परिसर में ढोल-नगाड़े और गीतों के साथ उनका स्वागत किया गया। “नीतीश–मोदी” की जोड़ी पर आधारित गीत बजाए गए और कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा लहराकर समर्थन जताया। पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में गृह प्रदेश आने पर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा गया।

बापू सभागार में सम्मान समारोह

एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नवीन सीधे बापू सभागार पहुंचे, जहां उनके सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह रखा गया। कार्यक्रम में बिहार के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभागार के बाहर और अंदर स्वागत के विशेष इंतजाम किए गए थे।

कार्यकर्ताओं को देंगे संगठन मजबूत करने का संदेश

समारोह के दौरान नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर जोर देंगे। मंच पर कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे, जिनमें उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, श्रेयसी सिंह, विनोद तावड़े, संजय जायसवाल, राधामोहन सिंह, नंद किशोर यादव, शाहनवाज हुसैन, अश्विनी चौबे, रेणु देवी और अन्य नेता शामिल रहे।

भाजपा इसे बिहार में संगठन के लिए अहम और उत्साह बढ़ाने वाला दौरा मान रही है।