Newshaat_Logo

संविधान दिवस पर तेजस्वी यादव पर बरसे भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार, बोले- संविधान के नाम पर जंगलराज को ढकने की कोशिश न करें

संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है।
 
नीरज कुमार

संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव संविधान का नाम लेकर बिहार के पुराने जंगलराज को ढकने की कोशिश न करें। वर्ष 1990 से 2005 तक बिहार में RJD के शासनकाल के दौरान अपराधियों का बोलबाला था। रंगदारी, अपहरण और अपराध आम बात हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में आम लोगों के बीच भय का माहौल था।

नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार और NDA ने बिहार से जंगलराज को खत्म कर सुशासन स्थापित किया। आज वही लोग कानून और संविधान की दुहाई दे रहे हैं, जिनके परिवार के सदस्यों पर चारा घोटाला, IRCTC और लैंड फॉर जॉब्स जैसे मामलों में कानूनी कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव भी कई मामलों में आरोपी हैं। ऐसे में RJD को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल और राजनीतिक रिकॉर्ड का हिसाब देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि NDA सरकार में कानून सबके लिए समान है। न अपराधियों को संरक्षण दिया जाता है और न ही किसी को राजनीतिक द्वेष से फंसाया जाता है। बिहार की जनता सुशासन और जंगलराज के बीच का अंतर अच्छी तरह जानती है।

आनंद मोहन के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में निर्णय सुप्रीम कोर्ट का है, सरकार का नहीं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के किसी नेता या मंत्री के खिलाफ भी अदालत का फैसला आता है तो पार्टी उसका सम्मान करती है, क्योंकि भाजपा संविधान और न्यायपालिका में विश्वास रखती है। उन्होंने RJD पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान और अदालत पर भरोसा केवल बातें करने से नहीं, बल्कि उसके फैसलों का सम्मान करने से साबित होता है।