राज्यसभा रेस में BJP का बड़ा दांव: नितिन नवीन और शिवेश को टिकट, पवन सिंह बाहर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सराओगी ने बताया कि एनडीए के सभी उम्मीदवार 5 मार्च को नामांकन करेंगे। रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा के लिए पर्चा दाखिल करेंगे, जबकि दो सीटों पर जदयू उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे। चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।
पवन सिंह की दावेदारी पर विराम
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। लेकिन नामों की घोषणा के साथ ही उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
दरअसल, 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान आसनसोल से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। बाद में उन्होंने काराकाट से किस्मत आजमाई, जिससे एनडीए की रणनीति प्रभावित हुई थी। उनके कुछ पुराने गीतों को लेकर उठे विवादों ने भी पार्टी की छवि पर सवाल खड़े किए थे।
संदेश साफ: संगठन पर भरोसा
राज्यसभा टिकट के फैसले को भाजपा के अंदरूनी संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी ने इस बार संगठन से जुड़े नेताओं पर दांव खेलकर यह संकेत दिया है कि प्राथमिकता अनुशासन और स्थिर नेतृत्व को दी जाएगी।
बिहार की सियासत में अब नजरें नामांकन और मतदान की प्रक्रिया पर टिकी हैं। यह चुनाव केवल सीटों की जंग नहीं, बल्कि राजनीतिक समीकरणों और संदेशों की भी परीक्षा बनता जा रहा है।







