बंगाल मिशन पर बीजेपी का बड़ा दांव: सम्राट चौधरी बने स्टार प्रचारक, ‘सोनार बंगाल’ का दिया नारा
‘सोनार बंगाल’ बनाने का लक्ष्य
पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले सम्राट चौधरी ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य राज्य को “सोनार बंगाल” बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, घुसपैठ पर रोक और बंगाली अस्मिता की रक्षा पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह आजादी की लड़ाई में बंगाल ने अहम भूमिका निभाई थी, उसी तरह अब बदलाव की लड़ाई में भी जनता तैयार है।
बिहारी वोटर्स पर खास नजर
बीजेपी की रणनीति के तहत सम्राट चौधरी को खास तौर पर उन इलाकों में प्रचार के लिए भेजा गया है, जहां बिहार मूल के मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। पार्टी को उम्मीद है कि उनकी पहचान और जुड़ाव इन वोटर्स को प्रभावित करेगा।
मंगलवार को वे हावड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसे बिहारियों का मजबूत गढ़ माना जाता है।
बिहार के तीन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी
बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में बिहार के तीन बड़े नेताओं- सम्राट चौधरी, नितिन नवीन और मंगल पांडे को शामिल किया है। इनमें सम्राट चौधरी को प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है, जो पार्टी में उनकी बढ़ती राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है। बीजेपी ने बंगाल चुनाव में जीत के लिए बिहार कार्ड खेलते हुए नई रणनीति तैयार की है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।







