Newshaat_Logo

पश्चिम बंगाल में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन: बदलाव यात्रा का ऐलान, कई नामचीन चेहरे पार्टी में शामिल, ब्रिगेड में होगी समापन रैली

 
पश्चिम बंगाल में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन: बदलाव यात्रा का ऐलान, कई नामचीन चेहरे पार्टी में शामिल, ब्रिगेड में होगी समापन रैली
Patna Desk: पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कोलकाता स्थित राज्य मुख्यालय में आज हुई अहम बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी ने राज्यभर में “परिवर्तन यात्रा” निकालने का बड़ा ऐलान किया। इस बैठक में केंद्रीय, राज्य और जिला स्तर के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए और आगामी अभियान की रूपरेखा तय की गई।

बैठक के साथ-साथ सॉल्टलेक स्थित पार्टी कार्यालय में कई चर्चित हस्तियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य की मौजूदगी में सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई लोगों ने पार्टी का झंडा थामा। इनमें ‘कौन बनेगा करोड़पति 2025’ के विजेता बिप्लब विश्वास, अधिवक्ता कस्तूरी गोस्वामी, डॉ. अक्षय बिनजराजका और दीपांजन चक्रवर्ती शामिल हैं।

इस मौके पर पार्टी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए “आंधारेर कितो कथा” शीर्षक से एक पुस्तक भी जारी की, जिसमें मौजूदा हालात पर विस्तृत टिप्पणी की गई है।

एक अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा और प्रदेश उपाध्यक्ष अमिताभ राय ने बताया कि राज्यभर में आयोजित हजारों स्ट्रीट कॉर्नर मीटिंग्स को अच्छा जनसमर्थन मिला है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पार्टी नेतृत्व के अनुसार 1 मार्च से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा राज्य के 11 अलग-अलग स्थानों से निकलेगी और पांच हजार किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। हर जिले में रैलियां और सभाएं आयोजित होंगी। इस यात्रा का समापन कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में प्रस्तावित बड़ी सभा के साथ होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की घोषणा की गई है।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक सांस्कृतिक आयोजन में राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति भी दर्ज की गई। भाजपा ने इसे संगठन विस्तार और जनसंपर्क के लिहाज़ से निर्णायक चरण बताया है।