बिहार के मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में धमाके का समय भी बताया, जांच शुरू
Patna: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री आवास और बिहार सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. ईमेल में दोनों स्थानों पर अलग-अलग समय पर विस्फोट करने की बात कही गई, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं.
धमकी मिलने के बाद मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और आसपास के इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने दोनों परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षा के मद्देनुसार आने-जाने वाले लोगों की भी गहन जांच की गई.
'अलग-अलग समय पर होंगे दो ब्लास्ट'
धमकी भरे इस ईमेल में धमाके का पूरा शेड्यूल लिखा गया है. मेल के मुताबिक, 21 जुलाई दोपहर 3:11 बजे सबसे पहले पटना सचिवालय में पहला ब्लास्ट करने का दावा है. इसके बाद रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और सीएम आवास को निशाना बनाने की बात कही गई है. ईमेल में कनाडा में मारे गए खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की मौत का बदला लेने का जिक्र है. भेजने वाले ने आरोप लगाया है कि सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्व हाई कमिश्नर संजय वर्मा को पटना में छिपाकर रखा है और उन्हें निशाना बनाने के लिए ब्लास्ट किया जाएगा.
केस दर्ज, चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू
सचिवालय थाना पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की पुष्टि कर दी है. मुख्यमंत्री सचिवालय से लिखित आवेदन मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया है, जो सचिवालय परिसर और आसपास के इलाकों की गहन जांच कर रहे हैं. वहीं, पुलिस की साइबर सेल टीम उस ईमेल आईडी (willifordhaylee@gmail.com) के आईपी एड्रेस (IP Address) और लोकेशन को ट्रैक करने में जुट गई है.







