Newshaat_Logo

MLC चुनाव जीते दोनों निर्दलीय अब भाजपा के साथ, बताया क्यों थामा पार्टी का दामन

बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. दो निर्दलीय विधान पार्षद (MLC) भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं
 
Bjp

बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. दो निर्दलीय विधान पार्षद (MLC) भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं. इनमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले राहुल राज और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीते बंशीधर ब्रजवासी शामिल हैं।

बिहार भाजपा के नए प्रभारी हरीश द्विवेदी शनिवार को पहली बार पटना पहुंचे. उनके स्वागत के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की बैठक हुई. इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सह प्रभारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

इसी दौरान निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज भी पहुंचे. एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में संजय सरावगी ने दोनों को भाजपा की पट्टी पहनाकर पार्टी में शामिल कराया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दोनों नेताओं का स्वागत किया. बैठक में भाजपा के सांसद, विधायक और विधान पार्षद मौजूद थे.

राहुल राज की बीजेपी में वापसी इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने सारण शिक्षक सीट पर NDA के सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार आनंद पुष्कर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था. इसके बाद बीजेपी ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था.

BJP में वापसी से पहले राहुल राज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करने पहुंचे थे. इस दौरान सारण से बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी भी मौजूद थे. राहुल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं.

CM हाउस से निकलने के बाद राहुल राज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने शिक्षकों के मुद्दे रखे. सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है।

सारण शिक्षक सीट से एमएलसी बने राहुल राज ने भी शिक्षक हितों को ही भाजपा में शामिल होने की वजह बताया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांगों को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी. इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई.

राहुल राज के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए उन्हें पूरा करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि वे शिक्षकों की मांगों को सदन में मुखरता से उठाते रहेंगे

BJP में शामिल होने वाले दूसरे विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी हैं. उन्होंने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीता था.

भाजपा में शामिल होने के बाद बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि निर्दलीय रहने पर वे केवल शिक्षकों के मुद्दे उठा सकते थे. लेकिन पार्टी के साथ जुड़ने से उन्हें इन मांगों को पूरा कराने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उन्हें छोटे भाई की तरह मानते हैं. चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था. इस दौरान सम्राट चौधरी ने उनसे उनकी प्राथमिकताओं के बारे में पूछा.

बंशीधर के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे शिक्षकों के हितों के लिए चुनाव लड़े हैं. इस पर मुख्यमंत्री ने उनके मुद्दों पर अधिकारियों के साथ बैठक कराने का भरोसा दिया. बंशीधर ने कहा कि शिक्षकों के हित के लिए उन्हें जहां भी खड़ा होना पड़ेगा, वे खड़े होंगे. इसी उद्देश्य से उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है.

चुनाव की मतगणना में बंशीधर ब्रजवासी को कुल 31 हजार 832 वोट मिले थे, जबकि एनडीए उम्मीदवार अभिषेक झा को 22 हजार 685 मत प्राप्त हुए. इस तरह बंशीधर ने 9,147 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है.