'मोदी जी को झूठ की फैक्ट्री कहना असभ्यता', NDA ने RJD को जंगलराज की याद दिलाई
तेजस्वी यादव का बयान पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिचायक है। बिहार में गरीबी कम होने के आंकड़े खुद नीति आयोग की रिपोर्ट में दर्ज हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में गरीबी दर 51.89 प्रतिशत से घटकर 33.76 प्रतिशत पर आ गई है। पिछले नौ वर्षों में बिहार के करीब 3.77 करोड़ लोग गरीबी के दायरे से बाहर निकले हैं।
गरीबों को राहत देने के मामले में भी केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार के करीब 8.48 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, हाल के दिनों में लाखों नए राशन कार्ड भी जारी किए गए हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
रोजगार के मोर्चे पर भी NDA सरकार ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार के मुताबिक, अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ये केवल राजनीतिक घोषणाएं नहीं, बल्कि विकास और रोजगार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'झूठ की फैक्ट्री' कहना RJD की राजनीतिक मर्यादा और भाषा पर सवाल खड़े करता है। जिन लोगों के शासनकाल को बिहार की जनता जंगलराज के नाम से याद करती है, वे आज विकास के आंकड़ों पर सवाल उठा रहे हैं। सच्चाई यह है कि बिहार की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जमीनी काम का हिसाब देख रही है। जनता सब जानती है और सही समय पर इसका जवाब भी देगी।







