Newshaat_Logo

Gen Z को साधने बिहार पहुंचे CEC ज्ञानेश कुमार! 400+ छात्रों से करेंगे संवाद, जानें पूरा कार्यक्रम

Patna: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे हैं. अपने दौरे के दौरान वे खास तौर पर Gen Z और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से संवाद करेंगे. 17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन में Electoral Literacy Clubs 2.0 (ELC 2.0) और ECINET को लेकर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र शामिल होंगे.
 
NATIONAL

Patna: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे हैं। पटना पहुंचने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बिहार की चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का देशभर में सबसे सफल आयोजन बिहार से शुरू हुआ था।

Gen Z को साधने बिहार पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

मुख्य चुनाव आयुक्त ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में हुए मतदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार का मतदान प्रतिशत आजादी के बाद से अब तक राज्य में सबसे अधिक रहा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार का मतदान प्रतिशत अमेरिका, फ्रांस, इंग्लैंड, जापान और स्पेन के आम चुनावों में दर्ज मतदान प्रतिशत से भी अधिक रहा।

17 अगस्त को ELC 2.0 की होगी शुरुआत

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 17 अगस्त को Electoral Literacy Clubs 2.0 (ELC 2.0) की शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं और खासकर पहली बार मतदान करने वाले छात्रों को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार राज्य के Gen Z वोटर्स से भी संवाद करेंगे। वे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे और मतदान के महत्व को लेकर उनसे बातचीत करेंगे।

सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी जाएंगे CEC

अपने बिहार दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी का भी दौरा करेंगे। यहां वे बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ बातचीत करेंगे।

इस दौरान BLO चुनावी प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली जमीनी चुनौतियों और अपने अनुभवों को साझा करेंगे। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने को लेकर सुझाव भी दिए जाएंगे।

ज्ञान भवन में होगा बड़ा कार्यक्रम

17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन में निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 (ELC 2.0) और ECINET को लेकर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में बिहार के 400 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र शामिल होंगे। इनमें बड़ी संख्या उन युवाओं की होगी, जो पहली बार मतदान करने के योग्य हुए हैं। कार्यक्रम का मुख्य फोकस युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना होगा।

शिक्षक और शिक्षाविद भी होंगे शामिल

कार्यक्रम में सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि शिक्षक, विश्वविद्यालयों के कुलपति, स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्य और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख भी हिस्सा लेंगे।

ELC 2.0 के जरिए शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी, ताकि युवा मतदाता चुनावी प्रक्रिया, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी को बेहतर तरीके से समझ सकें।

जमीनी हकीकत समझने पर भी जोर

ज्ञानेश कुमार के बिहार दौरे का एक अहम हिस्सा चुनावी प्रक्रिया की जमीनी स्थिति को समझना भी है। BLO के साथ बातचीत के दौरान मतदाता सूची से जुड़े काम, चुनाव प्रबंधन और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं पर चर्चा होगी।

इस दौरे के जरिए निर्वाचन आयोग की ओर से युवा मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और चुनावी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।