भव्य स्वागत के बीच गया पहुंचे सम्राट चौधरी, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर दिया जोर
Gaya: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को गया पहुंचे, जहां गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद वे नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित राज्यस्तरीय सम्मेलन में शामिल हुए. पटना से हवाई मार्ग द्वारा गया एयरपोर्ट पहुंचने पर पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद एनडीए कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल-माला व गुलदस्ता भेंट कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की.
इस अवसर पर बेलागंज की विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री का गया आगमन जिले के लिए गौरव की बात है. नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से आयोजित यह दो दिवसीय सम्मेलन प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एयरपोर्ट से सीधे बोधगया स्थित कन्वेंशन हॉल के लिए रवाना हुए. वहां उन्होंने नए आपराधिक कानूनों को लेकर आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन में भाग लिया. इस सम्मेलन में न्यायिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं.







