Movie prime

लैंड फॉर जॉब केस में तेज प्रताप पर आरोप तय, कोर्ट में बोले- “ट्रायल का सामना करूंगा”

 
Tej pratap Yadav
Bihar news: कथित लैंड फॉर जॉब घोटाले से जुड़े सीबीआई मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में राजद नेता तेज प्रताप यादव पेश हुए, जहां अदालत ने उनके खिलाफ औपचारिक तौर पर आरोप तय कर दिए।

कोर्ट में पेशी के दौरान तेज प्रताप यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया और साफ कहा कि वे मुकदमे का सामना करेंगे। अदालत ने उन्हें व्यक्तिगत पेशी से छूट भी प्रदान कर दी है।

इससे पहले इसी मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी आरोपों को खारिज कर चुके हैं। 16 फरवरी को दोनों नेताओं ने अदालत में पेश होकर अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को नकारा था।

गौरतलब है कि 29 जनवरी को राउज एवेन्यू कोर्ट ने राजद के कई वरिष्ठ नेताओं को पेशी में राहत देते हुए 1 फरवरी से 25 फरवरी के बीच आरोप तय करने की प्रक्रिया में शामिल होने की छूट दी थी। इसमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव शामिल थे।

अब मामले में औपचारिक आरोप तय हो जाने के बाद ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। राजनीतिक हलकों में इस केस को लेकर पहले से ही हलचल तेज है और आने वाले दिनों में अदालत की कार्यवाही पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।