Chhath Puja 2026: डॉ. प्रेम कुमार ने उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य, बिहार की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
Patna: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने समस्त बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही भगवान सूर्य और छठी मईया से बिहार के निरंतर विकास एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता, संयम और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मक संकल्प का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान भास्कर के प्रकाश से प्रेरणा लेकर सभी लोगों को बिहार को विकास, शिक्षा, कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेना चाहिए। छठी मईया और भगवान सूर्य की आराधना से राज्य में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वातावरण बने तथा बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व हमें स्वच्छ नदियों, स्वच्छ घाटों और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। पर्व की पवित्रता बनाए रखने के लिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझना जरूरी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने सभी छठव्रतियों के तप, त्याग और अटूट श्रद्धा को नमन करते हुए कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मईया का आशीर्वाद बिहार पर सदैव बना रहे। उन्होंने राज्य के विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनने की मंगलकामना भी की।







