Newshaat_Logo

पटना में चिराग पासवान का बड़ा बयान: सीट बंटवारे पर सम्मानजनक समझौता, कांग्रेस-राजद को चुनौती

 
पटना में चिराग पासवान का बड़ा बयान: सीट बंटवारे पर सम्मानजनक समझौता, कांग्रेस-राजद को चुनौती

Bihar politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान विधानसभा चुनाव और गठबंधन की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे का मामला “सम्मानजनक समझौते” के बिना हल नहीं होगा और गठबंधन में केवल वही लोग रह सकते हैं, जिन्होंने सम्मानजनक समझौता किया।

कांग्रेस और राजद पर चुटकी

चिराग ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की पटना बैठक को लेकर चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि यह पूरी लड़ाई वर्चस्व की है, जहां राहुल गांधी आते हैं, तेजस्वी यादव के साथ यात्रा करते हैं, महफिल लूट कर चले जाते हैं। उनका मानना है कि अब कांग्रेस और राजद के बीच सीधा वर्चस्व संघर्ष स्पष्ट रूप से दिखने लगा है।

अकेले चुनाव लड़ने की चुनौती

चिराग ने कांग्रेस और राजद को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़कर दिखाएं। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी पार्टी ने 2020 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा और दमखम दिखाया था।

प्रियंका गांधी के दौरे पर राय

प्रियंका गांधी के बिहार दौरे और महिलाओं से संवाद कार्यक्रम पर चिराग ने कहा कि यह पहल अच्छी है, लेकिन उन्हें पहले आना चाहिए था। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त के बिहार दौरे पर उन्होंने इसे “शुभ दिन की शुरुआत” बताया और कहा कि अब सीट फार्मूले पर भी बातचीत शुरू होने वाली है।

चिराग पासवान के इस बयान ने बिहार की सियासी हलचल को और तेज कर दिया है और चुनावी माहौल में नए मोड़ की संभावना बढ़ा दी है।