Movie prime

चिराग बोले- सरकार की योजनाओं से मुस्लिम समाज के लोगों को फायदा, वक्फ बिल पर विपक्ष भ्रम फैला रही है

 

पटना में केंद्रीय मंत्री और लोजपा(आर.) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वक्फ बिल पर विपक्ष भ्रम फैला रही है। इन लोगों की पुरानी रणनीति रही है। जब भी केंद्र सरकार कोई कानून लाती है तो विपक्ष के लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। पार्टी में अगर कोई नाराजगी है तो उसे दूर करेंगे।

पिछले 11 साल में मोदी सरकार जब-जब कोई कानून लेकर आई है। विपक्ष ने शोर मचाया, अफवाहें फैलाईं। बाद में वही कानून आम लोगों के लिए फायदेमंद साबित हुआ। विपक्ष हमेशा नैरेटिव सेट करता है। अल्पसंख्यक समाज के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करता है।

चिराग पासवान ने आगे कहा कि सीएए कानून के समय भी विपक्ष ने ऐसा ही किया था। लेकिन जब लोगों ने सच्चाई को समझा, तब उनकी राजनीति फेल हो गई। एनडीए सरकार ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। मुस्लिम समाज के लिए सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। जिसका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचा है।

वक्फ बिल पर पार्टी में नाराजगी के सवाल पर चिराग ने कहा, 'सबकी नाराजगी को दूर करेंगे। सब को साथ लेकर चलेंगे। 2014 में हमारे पिता रामविलास पासवान ने यूपीए छोड़कर एनडीए का साथ दिया था, तब भी विरोध हुआ था। लेकिन उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

2005 में मुस्लिम समुदाय से सीएम बनाने की मांग की थी। उस समय पार्टी हास्य का विषय बन गई थी। इसके बाद भी हम पीछे नहीं हटे। उन्हीं की सोच को आगे बढ़ा रहा हूं। जनता विपक्ष के भ्रमजाल में नहीं फंसेगी।