सुबह सुबह सीएम नीतीश राजगीर रवाना, करोड़ों की योजनाओं की देंगे सौगात

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से राजगीर रवाना हो गए हैं। सीएम नीतीश राजगीर में विश्व शांति स्तूप की 55 वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे। सीएम कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही सीएम नीतीश कई विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और कई योजना का उद्घाटन भी करेंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन में हैं। सीएम नीताीश आए दिन बिहार के अलग-अलग राज्यों में जाकर विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सीएम नीतीश राजगीर को बड़ी सौगात देंगे। सीएम राजगीर में विश्व शांति स्तूप राजगीर के 55 में वर्षगांठ के अवसर पर रोपवे के निकट नवनिर्मित एकीकृत भवन का उद्घाटन करेंगे।

इस अवसर पर सीएम नीतीश के साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी और पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा भी मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम विश्व शांति स्तूप राजगीर में आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई मंत्री और कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं समारोह में शामिल होने के लिए जापान के डेलिगेट्स गुरुवार को जापानी मंदिर पहुंच चुके हैं। जहां सभी का स्वागत किया गया। सभी ने जापानी मंदिर में बौद्ध धर्म संस्कृति और परंपराओं के अनुसार पूजा अर्चना कर भगवान बुद्ध को नमन किया।
कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार उन सभी योजनाओं को पूरा कर लेना चाहते हैं जो उनके इस कार्यकाल में शुरू की गई थीं। उनका मानना है कि सभी काम को पूरा करने के बाद ही वोट मांगने के लिए जनता के बीच जाएंगे। खुद मुख्यमंत्री इस बात को कह चुके हैं कि काम पूरा होने के बाद ही जनता के बीच जाएं तो अच्छा होगा और यही वजह है कि वे अधिकारियों से जल्द से जल्द सभी कामों को पूरा करने को कहते नजर आ रहे हैं।