सीएम नीतीश का तड़के ताबड़तोड़ छापा: मुख्य सचिवालय में अफसरों में मचा हड़कंप, कामकाज और अनुशासन पर सख्त हिदायत
Bihar Politics: नई सरकार बनने के बाद से सीएम नीतीश कुमार एक्शन मोड में नज़र आ रहे हैं। लगातार प्रोजेक्ट्स की समीक्षा, योजनाओं की रफ्तार और सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली पर उनकी पैनी नजर बनी हुई है। इसी सिलसिले में शुक्रवार की सुबह उन्होंने पटना स्थित मुख्य सचिवालय का अचानक निरीक्षण कर सभी को चौंका दिया। बिना पूर्व सूचना के पहुंचे सीएम को देखकर कई विभागों में हलचल तेज हो गई।
सुबह-सुबह सीएम का सरप्राइज विजिट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सचिवालय परिसर का दौरा कर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यशैली और दफ्तरों की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण के दौरान सचिवालय में अफरा-तफरी का माहौल दिखा, कई कर्मचारी तुरंत अपनी-अपनी सीटों पर लौटते नज़र आए।
कई अहम विभागों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान सीएम ने मुख्य सचिव कोषांग, कैबिनेट कक्ष, वित्त मंत्री का कार्यालय, अतिथि कक्ष सहित सचिवालय के कई महत्वपूर्ण हिस्सों का मुआयना किया। उन्होंने सभी विभागों की कार्यप्रणाली, रखरखाव और व्यवस्था पर विस्तृत जानकारी ली।
अनुशासन और सफाई पर सख्त निर्देश
सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि
• सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर दफ्तर पहुंचे।
• काम में अनुशासन और संवेदनशीलता दिखाएं ताकि योजनाएं समय पर पूरी हों।
• सचिवालय परिसर में नियमित सफाई हो और परिसर आकर्षक दिखे।
• जहां जरूरत हो वहां पौधारोपण कर परिसर को हरा-भरा बनाए रखा जाए।
• आगंतुकों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सचिवालय को और व्यवस्थित व आधुनिक स्वरूप देने की योजना पर जल्द काम शुरू किया जाए।
कौन-कौन रहे मौजूद?
मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण के दौरान कई शीर्ष अधिकारी उनके साथ थे—
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।







