Movie prime

सीएम नीतीश की सुरक्षा होगी और मजबूत, काफिले में शामिल होंगी नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां

 
सीएम नीतीश की सुरक्षा होगी और मजबूत, काफिले में शामिल होंगी नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां
Bihar political update: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को और पुख्ता करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब मुख्यमंत्री के काफिले को एके-47 जैसी गोलियों या बम धमाके का खतरा पहले से कहीं कम होगा। सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री के काफिले के लिए अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां खरीदने जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, सीएम नीतीश के काफिले में कुल चार नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियां शामिल की जाएंगी। ये गाड़ियां आधुनिक सुरक्षा तकनीक से लैस होंगी और एके-47 की गोलियों, बम विस्फोट और रॉकेट लॉन्चर जैसे हमलों को झेलने में सक्षम होंगी। बताया जा रहा है कि हर गाड़ी की शुरुआती कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये हो सकती है, हालांकि सुरक्षा स्तर बढ़ने के साथ इसकी कीमत और भी ज्यादा हो सकती है।

अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि रेंज रोवर का कौन-सा मॉडल खरीदा जाएगा और बुलेटप्रूफिंग किस स्तर की होगी। लेकिन इतना तय है कि यह गाड़ी बेहद सुरक्षित होगी और किसी भी आपात स्थिति में मुख्यमंत्री को अधिकतम सुरक्षा दे सकेगी।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले से ही बुलेटप्रूफ वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। देश के कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसी तरह की हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों में यात्रा करते हैं। इसके अलावा बिहार दौरे पर आने वाले दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए भी बुलेटप्रूफ वाहनों की व्यवस्था की जाती है।

बताया जा रहा है कि नई रेंज रोवर न सिर्फ स्वचालित हथियारों की गोलियों को रोकने में सक्षम होगी, बल्कि बम धमाके, रॉकेट लॉन्चर हमले और गैस अटैक जैसी स्थितियों में भी सुरक्षा देगी। मुख्यमंत्री की मौजूदा सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि हर हाल में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।