सीएम सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर ने मिलाया हाथ, रोहिणी भी साथ बैठी दिखीं
पटना में दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में गुरुवार को बिहार की राजनीति के कई दिग्गज नेता एक साथ नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुलाकात खास चर्चा का विषय रही। दोनों नेता आमने-सामने हुए तो गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से हाथ मिलाया।
वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी अपनी बेटियों रोहिणी आचार्य और मीसा भारती के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। ब्रह्मभोज के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर भी सामने आई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रशांत किशोर और रोहिणी आचार्य एक साथ बैठे नजर आए। इन नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी।
गौरतलब है कि 75 वर्षीय डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा का निधन 30 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर हो गया था। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।
निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी थी।







