वैभव सूर्यवंशी को CM सम्राट ने दी बधाई, बोले- बिहार के इस युवा सितारे ने पूरे देश का मान बढ़ाया
बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास रच दिया है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के खिलाफ भारत ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. उनकी इस ऐतिहासिक पारी पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी खुशी जताई है. उन्होंने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार की धरती के इस युवा सितारे ने पूरे देश का मान बढ़ाया है
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा, "बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी का एक और धमाका!"
सीएम ने बताया कि यूएई के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स मुकाबले में वैभव ने महज 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक बनाया. इसके बाद उन्होंने 52 गेंदों में दोहरा शतक भी पूरा किया.
सम्राट चौधरी ने आगे लिखा, "बिहार की धरती के इस युवा सितारे ने अपनी ऐतिहासिक पारी से पूरे देश का मान बढ़ाया है. उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!"
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया ए ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई को 7 विकेट से हरा दिया. वैभव ने 28 गेंदों में शतक पूरा करने के बाद 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेली. यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए थे. जवाब में इंडिया ए ने 14.2 ओवर में ही 250 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली.







