Newshaat_Logo

CM सम्राट बोले- बिहार में CRIME हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं हो सकता

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में एक समारोह के दौरान कहा कि हमारे यहां अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है। CRIME हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं हो सकता है
 
सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में एक समारोह के दौरान कहा कि हमारे यहां अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो चुका है। CRIME हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं हो सकता है। कोई अपराधी नहीं है। जो लोग भी गड़बड़ी करेंगे या अपराध करेंगे, वे जेल जाएंगे। उनका स्थान सिर्फ जेल ही होगा, बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और अपराध के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

आगे कहा, हमारा अभियान (अपराधियों के खिलाफ) लगातार जारी रहेगा। अब तकनीक और AI कैमरों के जरिए अपराधियों की पहचान और तुरंत कार्रवाई की जा रही है। राज्य सरकार पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है।

सम्राट चौधरी के बिहार से अपराध खत्म होने वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भी रिएक्शन आया है। उनसे जब बिहार सीएम की इस टिप्पणी पर सवाल किया गया तो वे बोले - गृह मंत्रालय सम्राट चौधरी जी के ही पास है तो उनके पास आंकड़े भी होंगे तभी उन्होंने अपराध पूरी तरह खत्म होने की बात कही है। चिराग ने यह भी कहा कि मैं तो यही मानना चाहूंगा कि बिहार से अपराध और अपराधी पूरी तरह खत्म हो गए हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में नई दिल्ली में यह समझौता हुआ। इसके तहत बिहार के जल निकायों और नदियों से वैज्ञानिक तरीके से गाद निकाली जाएगी।

निकाली गई उपयुक्त गाद और मिट्टी का इस्तेमाल राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में किया जाएगा। इससे एक तरफ नदियों की जलधारण क्षमता बढ़ाने और बाढ़ का खतरा कम करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ सड़क निर्माण के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध होगी।