जन्मदिन पर शिवभक्ति में लीन दिखे CM सम्राट, 9.10 करोड़ से बदलेगी इस मंदिर की सूरत
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने 58वें जन्मदिन की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के दर्शन और आशीर्वाद के साथ की. छठ महापर्व के मौके पर वह अपने पैतृक गांव मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर पहुंचे थे. सुबह परिवार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद उन्होंने प्रसिद्ध रत्नेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी छठ महापर्व के मौके पर देर रात अपने पैतृक गांव लखनपुर पहुंचे थे. यहां उन्होंने सुबह परिवार के साथ छठ पूजा की और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. इसके बाद वह रत्नेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर में उन्होंने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. छठ की आस्था और जन्मदिन के खास मौके पर उनका यह दौरा धार्मिक और पारिवारिक रूप से भी खास रहा
भगवान भोलेनाथ की पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर के विकास और पुनर्स्थापना की योजना के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों का ब्योरा भी दिया.
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी काम तय मानकों के अनुसार होने चाहिए. मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए.
प्रसिद्ध रत्नेश्वर नाथ मंदिर के विकास की योजना पर्यटन विभाग ने तैयार की है. इस परियोजना पर करीब 9 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत मंदिर परिसर का विकास किया जाएगा. इसे पहले से अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जाएगा.
योजना में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी ध्यान में रखा गया है. काम पूरा होने के बाद मंदिर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. इससे तारापुर और मुंगेर जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है.







