विधानसभा टिकट के लिए कांग्रेस ने लॉन्च किया QR कोड, कोई भी, कहीं से भी कर सकता अप्लाई

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने टिकट देने का एक अनोखा तरीका अपनाया है। कांग्रेस पार्टी में टिकट आवेदन करने के लिए एक QR कोड जारी किया है। इस QR कोड को स्कैन करते ही एक लिंक आएगा, जिसपर क्लिक करते ही एक फॉर्म खुलेगा।
इस फॉर्म में दिए गए सभी जानकारी को भरकर आवेदक इस चुनाव में टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
दरअसल, बिहार पहला राज्य है जहां कांग्रेस की ओर से इस तरीके की व्यवस्था की जा रही है। कांग्रेस ने इससे पहले ऐसी व्यवस्था नहीं की थी। यह प्लानिंग, बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की है। उनका कहना है कि इससे आम लोगों के साथ पार्टी का इंटरेक्शन बढ़ेगा।

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इसमें कोई भी व्यक्ति कहीं से भी आवेदन कर सकता है। इसमें कुछ मुख्य पॉइंट हैं, जिससे आवेदक को पूरा करना है। तभी आगे उनकी एंट्री होगी। कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र में कितने जन आक्रोश के मीटिंग किए हैं, जनता को उन मीटिंग्स से कैसे जोड़ा है, उससे क्या बातें निकलकर सामने आई है। इन सब चीजों को भी देखा जाएगा।
QR कोड स्कैन के बाद ये जानकारी मांगी जाएगी-:
आवेदक का नाम
जिला
विधानसभा
आवेदक का मोबाइल नंबर
आवेदक का पता
हर घर झंडा अभियान में संख्या
हर घर झंडा अभियान की 5 फोटो
जन आक्रोश मीटिंगों की संख्या
जन आक्रोश मीटिंगों की 5 फोटो
सामुदायिक मीटिंगों की संख्या
सामुदायिक मीटिंगों की 5 फोटो
फेसबुक फॉलोअर की संख्या
फेसबुक पेज का लिंक
इंस्टाग्राम फॉलोअर की संख्या
इंस्टाग्राम का लिंक डालिए
आवेदक का बायोडाटा
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि हमें यह पता चलेगा कि हमारे किस क्षेत्र में कितने कैंडिडेट नए और पुराने हैं। उन सब की हम स्क्रीनिंग करेंगे और जिसका सबसे अच्छा परफॉर्मेंस रहेगा उसी के आधार पर टिकट देने का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास वही लोग पहुंच पाते हैं, जिनकी हम तक पहुंच है। वहीं कुछ ऐसे भी लोग हैं जो हमारे विचारधारा से जुड़े हुए हैं, लेकिन उनकी हम तक पहुंच नहीं है। यह QR कोड हम तक पहुंचाने का एक जरिया है। इससे आम लोगों के साथ इंटरेक्शन बढ़ेगा।