कांग्रेस ने BJP ऑफिस के बाहर लगाया बैनर, लिखा- राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा
Feb 12, 2025, 12:11 IST

सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री की चर्चा के बीच विरोध भी शुरू हो गया है। कांग्रेस ने पटना में बीजेपी दफ्तर के बाहर पोस्टर लगवाया है। इसमें लिखा है कि- राजा के बेटा राजा नहीं बनेगा।
पोस्टर पर एक तरफ सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की तस्वीर है। वहीं दूसरी तरफ पोस्टर लगवाने वाले रवि गोल्डन कुमार की फोटो है। निशांत की तस्वीर के नीचे तीर का निशाना है तो गोल्डन कुमार के नीचे कांग्रेस पार्टी का चिन्ह है।
पोस्टर पर लिखा हुआ है- राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा। हरनौत की जनता जिसको चाहेगी राजा वही बनेगा। पोस्टर में सबसे ऊपर सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे की तस्वीर है। जबकि दूसरी तरफ राहुल गांधी के साथ रवि गोल्डन की तस्वीर है।
निशांत कुमार के JDU में आने की चर्चा पिछले साल से ही हो रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुछ नेता भी चाह रहे हैं कि वे राजनीति में आएं। हालांकि, पार्टी के बड़े नेता लगातार इस तरह की संभावनाओं को खारिज करते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी निशांत की राजनीति में आने की चर्चा ने जोर पकड़ा था।

सीएम नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 1977 में नालंदा के हरनौत से किया था। उस समय विधानसभा का चुनाव हार गए थे। 1985 में पहली बार यहां से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि निशांत हरनौत से चुनाव भी लड़ सकते हैं।