Newshaat_Logo

बिहार विधान परिषद् सचिवालय में गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

बिहार विधान परिषद् स्थित उप भवन सभागार में संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। 
 
Bihar

बिहार विधान परिषद् स्थित उप भवन सभागार में संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर, संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर संविधान निर्माताओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा तथा यह 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ। संविधान निर्माण में बिहार के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संविधान सभा के कुल 299 सदस्यों में से दर्जनों सदस्य बिहार से थे, जिन्होंने सभा की कार्यवाही, महत्वपूर्ण नीतियों एवं संवैधानिक बहसों में उल्लेखनीय योगदान दिया। संविधान निर्माण में डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा और नंदलाल की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इनके अतिरिक्त बाबू जगजीवन राम, डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह, जयपाल सिंह मुंडा, के.टी. शाह, ताजमुल हुसैन, श्यामनंदन सहाय, बृजेश्वर प्रसाद, पी.के. सेन, सत्येंद्र नारायण सिन्हा, गुप्तनाथ सिंह आदि ने भी संविधान के विभिन्न प्रावधानों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संविधान निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को संजोना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करना है।

इस अवसर पर भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल आदर्शों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

 कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद् के सदस्य डॉ. (प्रो.) राजवर्धन आजाद, बिहार विधान परिषद् के निदेशक शंकर कुमार, ज्ञान प्रकाश सहित परिषद् के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।