Newshaat_Logo

बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती: CM आवास पर मंथन तेज, 48 घंटे में नया मुख्यमंत्री तय!

 
बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती: CM आवास पर मंथन तेज, 48 घंटे में नया मुख्यमंत्री तय!
Bihar Political News: बिहार की राजनीति में चल रहा सियासी भूचाल अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। नई सरकार के गठन को लेकर सस्पेंस धीरे-धीरे खत्म हो रहा है और संकेत साफ हैं कि खरमास के बाद राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। हालांकि, अब भी सबसे बड़ा सवाल यही है आखिर बिहार का अगला सीएम कौन होगा?

CM आवास पर हलचल, ललन सिंह की एंट्री

इसी बीच नीतीश कुमार के आवास पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह(ललन सिंह) सीधे पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच नई सरकार के गठन और सियासी समीकरणों को लेकर अहम चर्चा चल रही है।

48 घंटे में बड़ा फैसला संभव

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास पर चल रही बैठकों में सरकार गठन से जुड़े लगभग सभी अहम मुद्दों पर अंतिम मुहर लग सकती है। अगले 48 घंटे के भीतर बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

बैठक में मंत्रिमंडल के आकार, जातीय और राजनीतिक संतुलन, और नए-पुराने चेहरों के चयन को लेकर गहन मंथन हो रहा है।

14 अप्रैल को इस्तीफा, 15 को शपथ?

जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, जिसके बाद उनके इस्तीफे की संभावना है। इसके तुरंत बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में नए नेता का चुनाव किया जाएगा।

सूत्र बताते हैं कि 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री का ऐलान और शपथ ग्रहण समारोह भी हो सकता है।

डिप्टी सीएम को लेकर फंसा पेंच

नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है, लेकिन निशांत कुमार ने डिप्टी सीएम बनने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि वे फिलहाल संगठन और जनसंपर्क पर ध्यान देना चाहते हैं।

ऐसे में जदयू के भीतर अब नए चेहरों पर मंथन तेज हो गया है और अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति बनाई जा रही है।

बिहार की सियासत में अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं, जहां सत्ता परिवर्तन की पूरी पटकथा लिखी जा सकती है।