वोटर अधिकार यात्रा में दरार? राहुल गांधी ने राजद विधायक से मुलाकात ठुकराई, मच गया बवाल
Patna: बिहार की सियासत में विपक्ष की एकजुटता का चेहरा बन रही वोटर अधिकार यात्रा अब विवादों में फंसती दिख रही है। बुधवार को मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र के बेनीबाद में आयोजित रैली के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने महागठबंधन के तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन मंच साझा कर रहे थे। इसी बीच स्थानीय राजद विधायक निरंजन राय राहुल गांधी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित करने पहुंचे। लेकिन राहुल ने उनसे हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उनके सुरक्षा कर्मी ने विधायक को मंच से पीछे धकेल दिया।
यह घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी होने लगी। वायरल वीडियो ने महागठबंधन के भीतर के रिश्तों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, जिस विधानसभा क्षेत्र में रैली आयोजित की गई, वहां भीड़ जुटाने और कार्यक्रम की तैयारी की जिम्मेदारी खुद विधायक निरंजन राय पर ही थी। ऐसे में राहुल गांधी का उनसे सार्वजनिक दूरी बनाना सियासी संदेशों से खाली नहीं माना जा रहा।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा छिड़ गई है कि क्या कांग्रेस और राजद की दोस्ती सिर्फ मंच पर दिखाने भर की है? या फिर अंदरखाने रिश्तों में खटास गहराती जा रही है?
तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले विधायक निरंजन राय के साथ इस तरह का व्यवहार राजद कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी भड़का सकता है। विपक्षी एकजुटता की झलक दिखाने के मकसद से शुरू हुई वोटर अधिकार यात्रा अब खुद सवालों के घेरे में है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस और राजद इस विवाद को कैसे संभालते हैं और जनता के बीच क्या संदेश देने की कोशिश करते हैं।







