रेडक्रॉस सोसाइटी में मॉडल ब्लड बैंक और डायलिसिस की सुविधा शुरू करने की मांग, राज्यपाल से मिले रत्नेश कुशवाहा
पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी में आधुनिक ब्लड बैंक और डायलिसिस सेंटर की सुविधा शुरू करने की मांग उठाई गई है। इसको लेकर पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा और रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष राजेश चौधरी ने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से विधानसभा में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सोसाइटी की सचिव तारा झुनझुनवाला भी मौजूद रहीं।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को मांग-पत्र सौंपकर मंगल तालाब स्थित रेडक्रॉस भवन में आधुनिक ब्लड बैंक और डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, इलाज के दौरान होने वाली परेशानियों और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि पटना साहिब और आसपास के इलाकों में बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में रेडक्रॉस परिसर में आधुनिक ब्लड बैंक और डायलिसिस सेंटर शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। खासकर जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर लगाने और अतिरिक्त खर्च उठाने से भी राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को रेडक्रॉस भवन का निरीक्षण करने के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल ने मांगों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए रेडक्रॉस भवन आने का आमंत्रण स्वीकार किया। सुविधा शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की उम्मीद है।







