मुंगेर दौरे पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, विकास योजनाओं की बड़ी घोषणाएं
Munger News: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंगेर जिले के तारापुर पहुंचे। यहां उन्होंने रामपुर नहर के पास बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इसके बाद वे संग्रामपुर के खैरा पहुंचे, जहां जनता के साथ प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी थे। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में महात्मा गांधी के साथ संघर्ष किया और आजादी के लिए कठोर सजा भी झेली। ऐसे महान नेता की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मुंगेर जिले के लिए कई अहम विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि तारापुर, खड़गपुर और संग्रामपुर को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए लगभग 50 एकड़ जमीन उद्योग लगाने के लिए दी गई है। असरगंज में भी इंडस्ट्री के लिए सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग लगने से स्थानीय युवाओं को यहीं रोजगार मिलेगा और बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
किसानों और सिंचाई को लेकर भी बड़ी घोषणाएं की गईं। सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 तक खड़गपुर से हनुमान डैम तक पानी पहुंचा दिया जाएगा। साथ ही मार्च 2026 तक सुल्तानगंज से हनुमान डैम तक गंगा जल पहुंचाने का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। बांका के फुलीडुमर तक भी गंगा जल ले जाने की योजना है।
उन्होंने बताया कि तारापुर में फोरलेन सड़क का काम शुरू हो चुका है। इसके लिए इलाके को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा और साफ-सफाई भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए परेशानी जरूर होगी, लेकिन आगे चलकर इसका बड़ा फायदा मिलेगा। इसके अलावा पूर्णिया से रक्सौल तक सिक्स लेन सड़क, नई रेलवे लाइन, सुल्तानगंज से देवघर रेल मार्ग और सुल्तानगंज एयरपोर्ट के निर्माण पर भी काम चल रहा है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह दौरा मुंगेर जिले के लिए विकास की नई राह खोलने वाला माना जा रहा है। उद्योग, सड़क, सिंचाई और रोजगार से जुड़ी योजनाओं से आने वाले समय में मुंगेर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।







