Bihar में शराबबंदी फेल? तेजस्वी यादव का बड़ा दावा- ‘हर ब्रांड की शराब मिल रही’ फिर कैसी है पूर्ण शराबबंदी?
Tejashwi Yadav Comment on Liquor Ban: दिल्ली से पटना लौटे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार की शराबबंदी, पेपर लीक, छात्र आंदोलन और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार से सवाल किए। तेजस्वी यादव ने शराबबंदी कानून को पूरी तरह विफल बताते हुए दावा किया कि बिहार में हर ब्रांड की शराब उपलब्ध है और इसकी होम डिलीवरी तक हो रही है।
‘शराबबंदी सिर्फ कागजों पर’
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी का दावा किया जाता है, लेकिन जमीन पर स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अलग-अलग कंपनियों और ब्रांड की शराब आसानी से उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि शराब की होम डिलीवरी तक की जा रही है।
आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर सिर्फ दावे किए जा रहे हैं और सत्ता में बैठे लोगों से जुड़े लोगों का शराब को लेकर बड़ा रैकेट चल रहा है।
शराबबंदी कानून में बदलाव पर सरकार को घेरा
शराबबंदी कानून की समीक्षा से जुड़े सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी को लेकर एनडीए के भीतर भी मतभेद सामने आ रहे हैं।
हालांकि, मद्य निषेध विभाग के मंत्री मदन सहनी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार शराबबंदी कानून में कोई बदलाव नहीं करने जा रही है। उनका कहना है कि कानून पहले भी लागू था और आगे भी लागू रहेगा।
शराब पहुंचाने वाली कंपनियों पर कार्रवाई का दावा
मंत्री मदन सहनी ने कहा था कि बिहार में शराब पहुंचाने वाली विदेशी और अन्य ब्रांड की कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार के मुताबिक ऐसी कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। सरकार का रुख है कि शराबबंदी कानून को और सख्ती से लागू किया जाएगा।
‘बिहार पेपर लीक की राजधानी बनता जा रहा’
तेजस्वी यादव ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार धीरे-धीरे पेपर लीक की राजधानी बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाली कई भर्ती परीक्षाओं में कथित तौर पर पेपर लीक या अनियमितताओं के मामले सामने आते हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए सरकार से युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
छात्र पर AK-47 से गोली चलाने के आरोप पर सवाल
छात्र आंदोलन के दौरान एक छात्र पर कथित तौर पर AK-47 से गोली चलाए जाने के मामले को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि सीवान में छात्र पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया।
तेजस्वी ने कहा कि मामले में अब तक बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ एक सिपाही को बर्खास्त किया गया, जबकि बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय नहीं की गई।
19 अगस्त को राजभवन मार्च करेगी RJD
तेजस्वी यादव ने बताया कि आरजेडी 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्यपाल से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपेगी। उन्होंने लोगों से भी इस मार्च में शामिल होने की अपील की।
तेजस्वी के मुताबिक, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी पहले भी अधिकारियों से मुलाकात कर चुकी है। अब राजभवन मार्च के जरिए इन मामलों को सामने रखा जाएगा।







