Movie prime

दिलीप जायसवाल- महागठबंधन में टूट होगी, संपर्क में कई लोग, सहनी बोले- मजबूती से तेजस्वी की सरकार बनाएंगे

 

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी के एनडीए में जाने की चर्चा है। इस बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में वैचारिक कलह है। टूट होने की पूरी संभावना है।

आरजेडी कांग्रेस को 'झोला ढोने वाली पार्टी' बनाना चाहती है। ऐसी स्थिति में महागठबंधन में शामिल कुछ लोग चिंतित हैं। वे हमारे संपर्क में हैं। जैसे ही उन्हें लगेगा कि उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया जाएगा, वे एनडीए में शामिल हो जाएंगे।

समय आने पर इस बारे में हम विचार करेंगे। बहुत सारे लोग हमारे संपर्क में हैं। वे कहते रहते हैं कि अगर वहां कुछ होता है, तो हमें उनके लिए अपने दरवाजे खुले रखने चाहिए। एक बड़े नेता ने हाल ही में हमसे कहा कि हम उनके लिए अपने दरवाजे खुले रखें और अगर वहां कुछ होता है तो वे हमारे पास आ जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक गठबंधन को लेकर कल दिलीप जायसवाल और मुकेश सहनी की मुलाकात हुई है। इस पर मुकेश सहनी ने बयान जारी कर कहा कि हम मजबूती से महागठबंधन के साथ हैं। हम अपनी सरकार तेजस्वी के नेतृत्व में बनाएंगे। कुछ लोग कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

वो लोग उम्मीद करते हैं और हर एक ताकतवर लोगों का इंतजार करना चाहिए। वो मानते हैं कि हममें ताकत और क्षमता है। उनकी नैया को हम पार लगाएंगे। इसलिए यह उनकी सोच है। फिलहाल हम महागठबंधन के साथ हैं और मजबूती से काम कर रहे हैं।