Newshaat_Logo

डॉ. प्रेम कुमार ने नए विधायक आवास परिसर की ली समीक्षा, हरियाली से सौर ऊर्जा तक आधुनिक सुविधाओं पर जोर

 
डॉ. प्रेम कुमार ने नए विधायक आवास परिसर की ली समीक्षा, हरियाली से सौर ऊर्जा तक आधुनिक सुविधाओं पर जोर
Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा सचिवालय के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 116 माननीय सदस्यों ने नए आवासीय परिसर में अपने आवास का प्रभार ग्रहण कर लिया है।

अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर परिसर को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से हरियाली बढ़ाने, सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट लगाने, वर्षा जल संचयन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्पोर्ट्स क्लब की स्थापना पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि माननीय सदस्यों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यह पहल नवनिर्मित आवासीय परिसर को पर्यावरण अनुकूल, सुविधायुक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।