Newshaat_Logo

डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार सामाजिक समानता और जनसेवा की प्रेरणा : संजय सरावगी ‎

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने आज कंकड़बाग स्थित लोहिया उद्यान में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। 
 
संजय सरावगी

पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने आज कंकड़बाग स्थित लोहिया उद्यान में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी एवं विजेंद्र प्रसाद यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

‎संजय सरावगी ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश की स्वतंत्रता, सामाजिक समानता और आम जनता के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनके संघर्ष और आजादी के बाद समाज में समानता स्थापित करने के लिए उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

‎उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने का कार्य किया। उनका मानना था कि सामाजिक विषमता को समाप्त किए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उनके विचारों में गांव, गरीब, किसान, श्रमिक और वंचित वर्ग के कल्याण की स्पष्ट चिंता दिखाई देती है।

‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. लोहिया का जीवन और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सामाजिक समरसता, समान अवसर और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आत्मसात कर ही मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।

‎उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए डॉ. लोहिया का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी पुण्यतिथि पर हम उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।