डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा का योगदान अविस्मरणीय, बिहार को दी विशिष्ट पहचान: डॉ. प्रेम कुमार
आधुनिक बिहार के शिल्पकार एवं संविधान सभा के प्रथम अंतरिम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा जी की जयंती के अवसर पर आज बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में आयोजित समारोह में बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के माननीय कार्यकारी सभापति डॉ. राम वचन राय, बिहार विधान परिषद् के माननीय सदस्य प्रो० राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं श्री जनक राम ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 10 नवम्बर, 1871 को आरा में जन्मे डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा प्रख्यात अधिवक्ता, निर्भीक पत्रकार एवं दूरदर्शी शिक्षाविद् थे। पृथक बिहार के गठन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। 9 दिसम्बर, 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक में उन्होंने अंतरिम अध्यक्ष का दायित्व संभालकर संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया का शुभारंभ किया। वे केंद्रीय विधान सभा के प्रथम भारतीय उपाध्यक्ष तथा पटना विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे। वर्ष 1924 में ‘सिन्हा लाइब्रेरी’ की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा एवं ज्ञान के प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा जी का जीवन संवैधानिक मर्यादाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार के स्वाभिमान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके सपनों के शिक्षित, समृद्ध और स्वाभिमानी बिहार का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से संविधान की मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार विधान परिषद् के माननीय कार्यकारी सभापति डॉ. राम वचन राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा जी ने बंगाल से बिहार को अलग करने की मांग के माध्यम से बिहार की विशिष्ट पहचान और क्षेत्रीय अस्मिता की नींव मजबूत की। उन्होंने डॉ. सिन्हा और मौलाना मजहरुल हक के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों का महात्मा गांधी जी से भी निकट संबंध रहा था। उन्होंने कहा कि विस्मृतियों के इस दौर में डॉ. सिन्हा जी को स्मरण करना सराहनीय बात है।
बिहार विधान परिषद् के सदस्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा के प्रयासों से ही आधुनिक बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। बिहार और विशेषकर पटना को उनकी दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण लाभ मिला। पूर्व मंत्री एवं बिहार विधान परिषद् के सदस्य जनक राम ने भी डॉ. सच्चिदानन्द सिन्हा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने के लिए उनके जीवन और कार्यों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर सभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह सहित सभा सचिवालय के अन्य पदाधिकारीगण, मीडिया के प्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन रणविजय रौशन ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रशाखा पदाधिकारी श्रीमती कनुप्रिया मिश्रा ने किया।







