बिहार विधान परिषद में आज 8 नए MLC ने ली शपथ, CM सम्राट और तेजस्वी में मुस्कुराकर हुई बात
बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए विधान पार्षद शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे तेजस्वी यादव पहले बाकी गेस्ट के साथ बैठे थे। बाद में एक अधिकारी ने उन्हें मंच पर बुलाया, जहां उनकी सीएम सम्राट चौधरी से मुस्कुराकर बातचीत हुई।
पटना स्थित विधान परिषद उपभवन के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र यादव, एमएलसी संजय मयूख, मंत्री दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव समेत राज्य सरकार के कई मंत्री भी पहुंचे।
बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद निर्दलीय MLC बंशीधर बृजवासी ने कहा कि जनता ने एक गरीब के बेटे पर विश्वास जताते हुए उन्हें दूसरी बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बड़े बहुमत से जिताकर सदन में भेजा है।
विपक्ष के कोर्ट जाने और आरोपों पर के सवाल पर उन्होंने कहा कि न्यायपालिका और विधायिका जैसे संवैधानिक फोरम सबके लिए खुले हैं, इस पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है।
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को द्विवार्षिक चुनाव कराया गया था। इन चुनावों में बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान हुआ था। चुनाव के लिए पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में वोट डाले गए थे।







