Movie prime

पटना में चुनावी तैयारी युद्धस्तर पर, 6 नवंबर को होगा मतदान- डीएम और एसएसपी ने दी जानकारी

 
पटना में चुनावी तैयारी युद्धस्तर पर, 6 नवंबर को होगा मतदान- डीएम और एसएसपी ने दी जानकारी

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान होते ही राजधानी पटना में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जिले की कुल 14 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के तहत 6 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए लगभग 48 लाख से अधिक मतदाता 5665 मतदान केंद्रों पर अपने जनप्रतिनिधि चुनेंगे।

सोमवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले की चुनावी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

10 अक्टूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू

डीएम ने बताया कि नामांकन की अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी की जाएगी। उसी दिन से उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर, स्क्रूटनी 18 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है।

48 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

जिले में कुल 48 लाख 21 हजार 184 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 25.43 लाख पुरुष और 22.77 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं 82 हजार 30 नए युवा मतदाता इस बार पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा जिले में 157 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं।

डीएम ने बताया कि सभी मतदाताओं के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र तैयार किए जा चुके हैं और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया 8 अक्टूबर तक जारी रहेगी।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले की सीमाओं पर 32 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, वहीं सुरक्षा के लिए 29 कंपनियां 23 प्रखंडों में तैनात की जा चुकी हैं। दियारा और टाल जैसे कठिन इलाकों में नाव और घोड़े से पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है, जबकि संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से होगी।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अब तक 184 लोगों पर सीसीए के तहत कार्रवाई की गई है। इन सभी को रोजाना थाना में हाजिरी देनी होगी। अनुपालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शांतिपूर्ण मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क

डीएम ने कहा कि आचार संहिता के दौरान राजनीतिक दलों, अधिकारियों, मीडिया संस्थानों और आम नागरिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। प्रशासन पूरी तरह तैयार है कि चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो।