नीतीश युग का अंत, सम्राट युग की शुरुआत?’: इस्तीफे से पहले तेज सियासी हलचल, CM चेहरे पर लगभग मुहर!
सम्राट चौधरी के नाम पर लगभग सहमति
सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है और अब सिर्फ औपचारिक ऐलान बाकी है।
बीजेपी कार्यालय में हलचल, JDU खेमे में सन्नाटा
एक तरफ जहां बीजेपी कार्यालय में जबरदस्त चहल-पहल और तैयारियां दिख रही हैं, वहीं जदयू दफ्तर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। बीजेपी कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है और मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है जो इस बड़े फैसले की आहट दे रहा है।
बड़े नेता पहुंचे पटना
इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच चुके हैं। दोनों की मौजूदगी में होने वाली बैठकों को बेहद अहम माना जा रहा है।
3 बजे होगी निर्णायक बैठक
भाजपा विधायक दल की बैठक आज दोपहर 3 बजे अटल सभागार में होगी, जिसकी अध्यक्षता शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।
पीएम मोदी के आने की संभावना
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना आ सकते हैं। उनके रात्रि विश्राम और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज इस्तीफा, कल शपथ
जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार आज दोपहर करीब 3 बजे इस्तीफा देंगे, जबकि 15 अप्रैल को लोक भवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
बिहार में आज सिर्फ सरकार नहीं बदल रही, बल्कि एक लंबे राजनीतिक दौर का अंत और नए युग की शुरुआत होने जा रही है। अब सबकी नजर उस ऐलान पर टिकी है, जो तय करेगा बिहार की बागडोर किसके हाथों में जाएगी।







