‘नीतीश युग’ का अंत, नई सरकार की शुरुआत: आज NDA करेगा नए CM का ऐलान
आखिरी कैबिनेट के बाद इस्तीफा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नीतीश कुमार सुबह 11 बजे कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस्तीफे के साथ ही वर्तमान सरकार औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी।
आज ही नए मुख्यमंत्री का ऐलान
राजनीतिक हलचल के बीच आज शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इस अहम बैठक की निगरानी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जिन्हें पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
इससे पहले दोपहर 3 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक और 2 बजे जदयू विधायक दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जहां रणनीति तय की जाएगी।
सत्ता परिवर्तन के साथ नई सियासी दिशा
सूत्रों के मुताबिक, नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद उसी दिन नई सरकार गठन का दावा पेश किया जाएगा। 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है।
इस बार माना जा रहा है कि सत्ता की कमान भारतीय जनता पार्टी के हाथों में जा सकती है, जो बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव होगा।
पीएम मोदी के शामिल होने के आसार
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे यह आयोजन और भी अहम बन गया है।
आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक है जहां न सिर्फ एक युग का अंत होगा, बल्कि राज्य की नई राजनीतिक दिशा भी तय होगी।







