बिहार विधानसभा परिसर में इसी महीने लगेगा EV चार्जिंग स्टेशन, गयाजी को नवंबर में मिलेंगी 125 इलेक्ट्रिक बसें
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिहार विधान सभा परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन के अधिष्ठापन, गयाजी में इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रारंभ करने तथा विभाग से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस महीने के अंत तक विधान सभा परिसर में ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन का अधिष्ठापन कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि गयाजी बस स्टैंड में अंतर्राज्यीय मल्टी-फ्लोर बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा, जिसमें भूतल पर पार्किंग, प्रथम एवं द्वितीय तल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा तीसरे से सातवें तल तक होटल एवं मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल का प्रावधान होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का कार्य दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और इसका टेंडर जल्द ही जारी किया जाएगा। इसके अलावा, नगर निगम, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत के बस स्टैंडों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जहां यात्रियों के लिए पेयजल, यात्री शेड, शौचालय और संपर्क सड़क जैसी बुनियादी जनसुविधाएं सुनिश्चित की जाएँगी। परिवहन विभाग द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि यात्रियों की सुविधा, टिकटिंग और बसों की लाइव ट्रैकिंग के लिए जल्द ही 'ह्वेयर इज माई बस' (Where is My Bus) मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा, जिससे आवागमन की समस्त जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गयाजी सहित बिहार के 31 स्थानों पर पीपी मोड के तहत बस स्टैंड आधुनिकरण कर यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्र सरकार द्वारा गयाजी को नवंबर महीने में 125 EV बस की सौगात मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में 4 पहिया EV गाडी खरीद पर महिलाओं को 1 लाख सब्सिडी दी जाएगी।
अध्यक्ष ने नगर विकास आवास विभाग द्वारा नगर निगम,नगर परिषद,नगर पंचायत एवं 31 स्थानों के अलावा परिवहन निगम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग द्वारा प्रखंडों में यात्रियों के बुनियादी सुविधा पेयजल, शौचालय,शेड ,सड़क ,रौशनी, हरियाली की सुविधा हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं के लिए विशेष रूप से संचालित पिंक बसों एवं अन्य नवाचारों और यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।
इस बैठक में परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन एवं परिवहन विभाग के वरीय पदाधिकारीगण तथा सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।







