PMCH में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, ICU से लेकर मॉड्यूलर OT तक की सुविधा, CM सम्राट बोले- अब 2500 बेड पर मरीजों का इलाज
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में अब एक साथ 2 ,500 बेड पर मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज होगा। सरकार का उद्देश्य अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त आधुनिक चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के पंजीकरण, उपचार व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टावर-3 के भूतल पर ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए बनाए गए कियोस्क और काउंटर की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अल्पाहार गृह सहित मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की
मुख्यमंत्री ने भवन के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट(पीकू) का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर-22 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों और स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लेते हुए चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की बाधा नहीं आए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, सुविधाओं के रखरखाव और मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही, पुनर्विकास योजना के तहत शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।







